बसना

बसना पुलिस की कार्रवाई: दो अलग-अलग छापों में 15 लीटर महुआ शराब जब्त

बसना। थाना बसना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम तिलकपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 15 लीटर देशी हाथ भट्ठी की महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,000 रुपये बताई गई है। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार टाउन एवं देहात क्षेत्र में पेट्रोलिंग तथा अवैध शराब की पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तिलकपुर रोड पर अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्ति बिक्री के उद्देश्य से महुआ शराब रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई में शिव कुमार चौहान (36 वर्ष) निवासी तिलकपुर को पलसा पेड़ के नीचे से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 15 लीटर क्षमता वाले सफेद प्लास्टिक डिब्बे में रखी करीब 8 लीटर देशी हाथ भट्ठी की महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1,600 रुपये आंकी गई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में हेमसागर चौहान (32 वर्ष) निवासी तिलकपुर को आम के पेड़ के नीचे से पकड़ा गया। उसके कब्जे से 10 लीटर क्षमता की प्लास्टिक जरकीन में रखी करीब 7 लीटर देशी हाथ भट्ठी की महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 1,400 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से शराब रखने एवं बिक्री करने संबंधी वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद बरामद शराब को मौके पर ही जब्त कर सीलबंद किया गया तथा दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में थाना बसना में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

Back to top button