पंचमी पर पंडित मनोज शुक्ला कृत पंचांग का विमोचन,मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,महामाया दाई दरबार में आस्था का उजास 10,800 ज्योति कलश प्रज्वलित

हरिमोहन तिवारी रायपुर: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर रायपुर स्थित माँ महामाया दाई के मंदिर में इस वर्ष भक्ति, परंपरा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पंचमी तिथि पर जहां विधि-विधान के साथ पंचांग का विमोचन किया गया, वहीं नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर परिसर में 10,800 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं ने अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।
पंचमी के शुभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पंचांग का विधिवत लोकार्पण किया गया।
इस पंचांग का संकलन पंडित मनोज शुक्ला द्वारा किया गया है
जिसमें वर्षभर के व्रत-त्योहार, शुभ मुहूर्त, ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति और मांगलिक कार्यों के लिए उपयुक्त समय का विस्तृत एवं सरल वर्णन किया गया है। पंडित मनोज शुक्ला ने उपस्थित श्रद्धालुओं को पंचांग की विशेषताओं की जानकारी देते हुए इसे जनसामान्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। नवरात्रि के दौरान मंदिर में कुल 10,800 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए, जिसने पूरे परिसर को दिव्य प्रकाश से आलोकित कर दिया। हजारों दीपों की एक साथ जगमगाहट ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने हर श्रद्धालु को भावविभोर कर दिया
विशेष रूप से विदेशों में रहने वाले भक्तों ने भी अपनी आस्था प्रकट करते हुए लगभग 150 ज्योति कलश स्थापित कराए। इनमें अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, यूएई और न्यूजीलैंड जैसे देशों में निवासरत श्रद्धालु शामिल हैं।
मंदिर की विशेषता
माँ महामाया दाई का यह मंदिर क्षेत्र की प्राचीन एवं अत्यंत श्रद्धा का केंद्र माना जाता है। यहाँ यह मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना माँ महामाया दाई अवश्य पूर्ण करती हैं। नवरात्रि के दौरान यहां ज्योति कलश प्रज्वलित करने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जो श्रद्धालुओं के अटूट विश्वास का प्रतीक है
दूर-दूर से भक्त यहाँ दर्शन के लिए पहुंचते हैं और माँ के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।
मंदिर परिसर में भक्ति संगीत, मंत्रोच्चार और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था, विश्वास और संतोष की झलक स्पष्ट दिखाई दी इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में पंडित विजय झा, पंडित भावेश एवं सहयोगी विक्की दीवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने मिलकर व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के सदस्य, सामाजिक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे
सभी ने माँ महामाया दाई से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती पाठ, आरती एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान निरंतर जारी हैं, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु शामिल होकर माँ का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।