बसना

तहसील स्तरीय कर्मा माता जयंती समारोह में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रीमद् भागवत कथा में शामिल हुए जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान

बसना। बसना तहसील के ग्राम बोहारपार स्थित कर्मा माता मंदिर में आयोजित तहसील स्तरीय कर्मा माता जयंती समारोह 2026 के तहत चल रहे श्रीमद् भागवत कथा महायज्ञ एवं ज्ञानयज्ञ सप्ताह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना हुआ है तथा दूर-दूर से श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं।

इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान भी मोर जिला पंचायत मोर गांव कार्यक्रम के तहत ग्राम बोहारपार पहुंचे और कर्मा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कथा स्थल पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण किया और आयोजन समिति की सराहना की।

इस अवसर पर मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आस्था, संस्कार और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है तथा समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है।

समारोह के दौरान प्रतिदिन कथा वाचन के साथ भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। कर्मा माता जयंती के पावन अवसर पर आयोजित यह धार्मिक आयोजन 12 मार्च से 18 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों पर कथा का वाचन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं आयोजन समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया और कर्मा माता से क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

Back to top button