बसना

बसना: बैंक खाता खुलवाने के नाम पर ठगी का आरोप, ATM-पासबुक और SIM लेकर फरार हुए दो युवक,,थाने में मामला दर्ज

बसना। बैंक खाता खुलवाने पर हर महीने ₹1,500 से ₹20,000 तक कमीशन मिलने का झांसा देकर ग्रामीणों से करंट अकाउंट खुलवाने और उसके बाद ATM कार्ड, पासबुक, चेकबुक व SIM कार्ड ले जाने का मामला सामने आया है। मामले में ग्राम मनकी निवासी राजकुमार तांडी ने थाना बसना में लिखित शिकायत देकर दो युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, राजकुमार तांडी को उसके साडू भाई हेमलाल चौहान ने बताया था कि ओडिशा से आए दो व्यक्ति बैंक खाता खुलवाने पर कंपनी की ओर से कमीशन दिलाने की बात कह रहे हैं। इसके बाद सुनील दुर्गा और थिमोथी छतरिया नामक दो व्यक्ति राजकुमार से मिले। दोनों ने स्वयं को ओडिशा निवासी तथा जिला सहकारी बैंक का एजेंट बताते हुए खाता खुलवाने पर ₹1,500 से ₹20,000 तक कमीशन मिलने की बात कही।

आरोप है कि उनकी बातों में आकर राजकुमार ने 11 अगस्त 2026 को जिला सहकारी बैंक शाखा सरायपाली में अपना करंट अकाउंट खुलवाया। खाता खुलने के बाद दोनों व्यक्तियों ने कंपनी से वेरिफिकेशन कराने के नाम पर उसका बैंक पासबुक, ATM कार्ड, चेकबुक और उसी दिन खरीदा गया Airtel SIM कार्ड अपने पास ले लिया।

शिकायत में राजकुमार ने बताया कि इसी तरह उसके अन्य साथी गोकुल जगत, डमरूलाल सागर, हेमलाल चौहान, संतोष अग्रवाल और उत्तर कुमार सोना ने भी आरोपियों के कहने पर बैंक खाते खुलवाए थे। बाद में जब खातों और दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका हुई तो सभी को साइबर ठगी में अपने खातों के इस्तेमाल होने का डर सताने लगा।

राजकुमार ने पुलिस से अपने तथा साथियों के बैंक खातों को तत्काल होल्ड/फ्रीज कराने, ATM और SIM के संभावित दुरुपयोग को रोकने तथा सुनील दुर्गा एवं थिमोथी छतरिया के खिलाफ धोखाधड़ी एवं साइबर अपराध के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वे गरीब और कम पढ़े-लिखे लोग हैं तथा उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बैंक खाते, ATM या SIM किसी अन्य व्यक्ति को देना गंभीर कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस अब आरोपियों द्वारा लिए गए बैंक दस्तावेजों, ATM कार्ड और SIM के संभावित इस्तेमाल तथा किसी साइबर अपराध से उनके संबंध की जांच कर रही है।

Back to top button