बसना: गढ़फुलझर सरस्वती शिशु मंदिर में संकुल स्तरीय खेल महोत्सव आयोजित, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल

बसना/गढ़फुलझर 16 अगस्त । बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में ‘संकुल स्तरीय खेल महोत्सव 2026’ का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। इस खेल महोत्सव में बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विधिवत पूजन-अर्चन करते हुए सर्वप्रथम विद्या की देवी माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर द्वीप प्रज्वलित किया तथा देश एवं क्षेत्र की समृद्धि और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए अपने उद्बोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं। खेल न केवल हमारे शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और एकाग्रता जैसे गुणों का विकास भी करते हैं। सरस्वती शिशु मंदिर जैसे संस्थान बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और शारीरिक विकास को बढ़ावा देने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने खेल महोत्सव को लेकर बच्चों में उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात खेल में पूरे मनोयोग और खेल भावना के साथ भाग लेना है। जो खिलाड़ी हार से सीख लेकर निरंतर प्रयास करता है, वही भविष्य में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करता है। आप सभी बच्चे देश का भविष्य हैं, और खेल के मैदान से सीखी गई बातें आपको जीवन की हर चुनौती का सामना करने में सक्षम बनाएंगी।
महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई विभिन्न खेल स्पर्धाओं और उनके प्रदर्शन को देखकर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल काफी उत्साहित एवं आनंदित नजर आए। मैदान में बच्चों के ऊर्जावान प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के इन बच्चों में अद्भुत प्रतिभा और असीम क्षमताएं छिपी हुई हैं। जिस उत्साह, स्फूर्ति और अनुशासन के साथ विद्यार्थी मैदान में अपना कौशल दिखा रहे हैं, वह वाकई काबिले तारीफ है। अगर इन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो ये बच्चे आगे चलकर न केवल बसना क्षेत्र का, बल्कि पूरे राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत गडढ़फुलझर सरपंच हरप्रीत कौर,संरक्षक शिशु मंदिर गडढ़फुलझर पुरुषोत्तम पाण्डेय, निरीक्षक शिशु मंदिर गडढ़फुलझर कमल चंद्र प्रधान, अध्यक्ष SMDC विकास चंद्र साव,संयोजक शिशु मंदिर सोहन पांडे, पूर्व सैनिक वेणुधर साहू, हरजिंदर सिंह हरजू,पूर्व उपाध्यक्ष शिशु मंदिर सुरेश चंद्र साहू, सुंदरमणि मिश्रा,सतपाल सिंह जटाल,प्रधान आचार्य गिरिजा शंकर त्रिपाठी, मनप्रीत सिंह सन्नी, ग्राम पंचायत गडढ़फुलझर उपसरपंच द्वारिका प्रसाद पाण्डे,महिला अध्यक्ष शिशु मंदिर ममता गजेंद्र,महामंत्री भाजपा गडढ़फुलझर प्रहलाद साहू, उपाध्यक्ष महिला मंडल रजमीत कौर ,विद्यालय परिवार, आचार्य वृंद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।