बसना: अरेकेल में घर से 40 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, महिला गिरफ्तार

बसना। थाना बसना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम अरेकेल वार्ड क्रमांक 16 में एक महिला के घर से 40 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला कुमुदिनी चौहान पति ओंकार चौहान, निवासी अरेकेल वार्ड क्रमांक 16, थाना बसना के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को बसना थाना पुलिस की टीम टाउन एवं देहात पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अरेकेल वार्ड क्रमांक 16 में एक महिला अपने घर में बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब रखे हुए है। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी महिला के घर से दो प्लास्टिक बाल्टियों में रखी सफेद प्लास्टिक झिल्लियों में 10-10 लीटर की कुल चार पैकिंग, यानी कुल 40 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब की कीमत 8 हजार रुपये बताई है।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त किया। इस तरह जब्त मशरूका की कुल कीमत 13 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा आरोपी महिला से शराब रखने के संबंध में वैध दस्तावेज एवं लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने शराब को मौके पर सीलबंद कर जब्ती कार्रवाई की और आरोपी के विरुद्ध मौके पर देहाती नालसी कायम की। मामले में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।