बसना : पलसापाली बेरियर पर नाकाबंदी में मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश के 4 आरोपी गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस और 3.25 लाख रुपये नकद बरामद

देशराज दास बसना/महासमुंद। अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना थाना पुलिस ने पलसापाली बेरियर पर सघन वाहन जांच के दौरान एक हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 3 लाख 25 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और करीब 15 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार बरामद की गई है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 19 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
ओडिशा से लौट रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त की दरमियानी रात पलसापाली बेरियर पर बसना पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सफेद रंग की बिना नंबर की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार को संदेह के आधार पर रोका गया। कार के पीछे पीली टीसी प्लेट MP07/C0011/TC लगी हुई थी। वाहन में चार लोग सवार थे, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड/सीट के पास से .315 बोर का एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं कार में रखे एक बैग से 3 लाख 25 हजार रुपये नकद मिले। आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी लेने पर चार मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए।
गांजा खरीदने बलांगीर पहुंचे थे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सभी आपराधिक षड्यंत्र के तहत ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने के लिए पहुंचे थे। रास्ते में पुलिस अथवा किसी अन्य बाधा को दूर करने और जान से मारने की नीयत से अपने पास अवैध हथियार रखा था। हालांकि गांजा सप्लायर से संपर्क नहीं हो पाने के कारण वे गांजा लिए बिना ही 3.25 लाख रुपये नकद लेकर वापस लौट रहे थे, तभी पलसापाली बेरियर पर पुलिस की नाकाबंदी में पकड़े गए।
मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में उमाशंकर शर्मा (41), निवासी ग्राम देवरी, जिला भिंड (मध्यप्रदेश), आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू (27), निवासी बरोही, जिला भिंड (मध्यप्रदेश), शिवम शर्मा (26), निवासी बरोही, जिला भिंड (मध्यप्रदेश) तथा शनि सिंग उर्फ संदीप (32), निवासी गरीकरना, जिला आगरा (उत्तरप्रदेश) शामिल हैं।
19.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
बसना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.25 लाख रुपये नकद, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, करीब 15 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 19 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना बसना में धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 61(2)(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 10 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया है।
पलसापाली बेरियर पर बसना पुलिस की मुस्तैदी और सघन वाहन जांच के चलते हथियारबंद गिरोह के मंसूबों को बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।