बसना

ओड़िसा जगन्नाथ पुरी से वापसी के दौरान राज्यपाल रमेन डेका बसना पहुंचे, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से की सौजन्य भेंट

सिख समाज ने सौंपा आवेदन, गढ़फुलझर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा स्थल पर भव्य निर्माण एवं भूमि पूजन के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित करने की मांग

देशराज दास बसना। ओडिशा के जगन्नाथ पुरी से वापसी के दौरान छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका शनिवार को बसना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के निवास पर सौजन्य भेंट की। विधायक डॉ. अग्रवाल ने राज्यपाल का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

राज्यपाल के बसना आगमन के दौरान क्षेत्र के सिख समाज के प्रतिनिधियों ने भी उनसे मुलाकात कर एक महत्वपूर्ण आवेदन सौंपा। आवेदन में महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर स्थित खसरा नंबर 688 की ऐतिहासिक एवं धार्मिक भूमि पर गुरुद्वारा निर्माण की प्रस्तावित योजना से अवगत कराया गया।

सिख समाज द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार यह स्थल सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की ऐतिहासिक स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि अपनी पहली उदासी (आध्यात्मिक यात्रा) के दौरान अमरकंटक से शिवरीनारायण होते हुए जगन्नाथ पुरी की यात्रा के क्रम में गुरु नानक देव जी ने यहां राजा सागर चंद मानस राजा भैया के यहां दो दिनों तक विश्राम किया था। बताया गया है कि उस समय राजा द्वारा यह जमीन गुरु नानक देव जी के नाम से भेंट की गई थी।

आवेदन में कहा गया है कि यह भूमि आज भी राजस्व रिकॉर्ड में श्री गुरु नानक देव जी के नाम पर दर्ज है। इसी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां सिख समाज द्वारा भव्य निर्माण कार्य की योजना तैयार की गई है।

गुरुद्वारा परिसर में प्रस्तावित हैं कई सुविधाएं
सिख समाज द्वारा प्रस्तुत आवेदन में प्रस्तावित निर्माण के तहत भव्य नया दरबार साहिब, दीवान हाल, विशाल आधुनिक लंगर हॉल, पवित्र सरोवर, देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए 100 कमरों की वातानुकूलित (AC) व्यवस्था, जोड़ा घर, प्रसाद घर, पार्किंग, गार्डन, आजायब घर, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना का उल्लेख किया गया है।

समाज ने राज्यपाल से इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पर आयोजित होने वाले भूमि पूजन एवं धार्मिक आयोजन की अध्यक्षता करने तथा देश के प्रधानमंत्री को इस भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन की ओर से औपचारिक निमंत्रण भेजने में सहयोग का आग्रह किया है।

आवेदन में सिख समाज ने कहा है कि प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति एवं उनके कर-कमलों से भूमि पूजन होने पर इस ऐतिहासिक स्थल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

इस दौरान समाज की ओर से राज्यपाल को बताया गया कि इस ऐतिहासिक स्थल के विकास से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं भी विकसित होंगी।

सिख समाज ने राज्यपाल से पूरे मामले में मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा जताते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को छत्तीसगढ़ शासन की ओर से आमंत्रण अग्रेषित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।

राज्यपाल रमेन डेका का बसना आगमन और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से मुलाकात के साथ ही सिख समाज द्वारा ऐतिहासिक गुरुद्वारा स्थल के विकास को लेकर सौंपा गया यह आवेदन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

आपको बता दे सिक्ख समाज एवं सभी समाज के सहयोग से कार सेवा द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा है जत्थेदार साहेब सिंह करनाल वाले बाबा जी को सेवा मिली है.

Back to top button