रायगढ़
बिना नंबर की गाड़ियों पर बरपा एसडीओपी एवं आईपीएस का कहर

खरसिया। सोमवार की देर शाम एसडीओपी पीताम्बर पटेल एवं प्रशिक्षु आईपीएस पुष्कर शर्मा ने लावलश्कर एवं पुलिस पार्टी के साथ नगर में पेट्रोलिंग की। वहीं संदिग्ध लोगों तथा बिना नंबर के बाजार में घूम रही मोटरसाइकिलों पर तीखी नजर की।
एसडीओपी पीताम्बर पटेल ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर बाजार में भीड़ बढ़ती जा रही है। वहीं अपराधी तत्व ज्यादातर बिना नंबर की गाड़ियों से अपराधों को अंजाम देते हैं। ऐसे में 20 से अधिक बाइक्स जब्ती बनाई गई हैं।
वहीं अधिकारियों ने राहों को बाधित कर रहे बेतरतीब खड़े वाहनों तथा फुटपाथ पर रखे सामान के मालिकों को संदेश दिया कि त्योहार तक ट्रैफिक में बाधा पहुंचाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।