बसना

बसना,सरायपाली में धूमधाम से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी

बसना/सरायपाली। नगर में मुस्लिम समाज द्वारा ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम जमात खाना से जुलूस निकाला गया, जो बसना गौरव पथ सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा।

जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी मनाते हुए एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। पूरे नगर में जुलूस के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

साथ ही सरायपाली में भी मुस्लिम समाज के द्वारा आज हजरत पैगम्बर मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के रूप में धूमधाम से मनाया गया। त्यौहार पर नगर में विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों की तादाद में खुशियां बांटते हुए सामाजिक जनों ने नगर भ्रमण किया एवं सभी को ईद मिलादुन्नबी की बधाई दी ।

त्यौहार को लेकर सामाजिक जनों के द्वारा गली-मोहल्लों एवं अपने अपने घरों को भी अच्छी तरह से सजाया गया था। सुबह 4 बजे मुस्लिम समाज के लोग मस्जिद में एकत्रित हो गए थे। इसके पश्चात ठीक पैगम्बर साहब के जन्म के समय पर उन्होंने पैगम्बर साहब को सलाम पेश किए। सुबह मस्जिद में फजर के नमाज के बाद ईमाम मौलाना अब्दुस्सत्तार अशरफी के द्वारा परचम कुशाई की रस्म अदा की गई।

मस्जिद के बाद शहर के इस्लाम मोहल्ला, संजय नगर, बाजारपारा नुरानी चौक, ग्राम बरिहापाली तथा झिलमिला ताजनगर में भी परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। सुबह 10 बजे सैकड़ों की तादाद में मुस्लिम युवाओं ने मोटर सायकल रैली निकाली तथा एक दूसरे को पैगम्बर मोहम्मद साहब के जन्म दिन की बधाई देते हुए नगर भ्रमण किए।

साजिद फुलारा ने दी ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर भारत मोबाइल संचालक साजिद फुलारा ने मुस्लिम समाज सहित समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी हमें पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बताए प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने समाज के सभी लोगों से मिल-जुलकर रहने और क्षेत्र में शांति एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने की अपील की। साथ ही ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में शामिल सभी समाजजनों को शुभकामनाएं दी.

Back to top button