बसना

बसना :जनहित में आगे आए जितेंद्र सिंह होरा, निजी खर्च से सड़क के गड्ढों की कराई मरम्मत

बसना। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बसना से दलदली मार्ग के बीच बरगांव और गनेकेरा के समीप सड़क पर कुछ स्थानों पर किसानों द्वारा पानी निकासी/पानी लेने के लिए सड़क को खोद दिए जाने से बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। इन गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी।

लोगों की परेशानी को देखते हुए बसना निवासी जितेंद्र सिंह होरा ने जनहित में पहल करते हुए अपने स्वयं के खर्च से सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराई। उन्होंने जगह-जगह सीमेंट, गिट्टी आदि सामग्री की व्यवस्था कर गड्ढों को भरवाया और सड़क को आवागमन के योग्य बनाने का कार्य स्वयं कराया।

जितेंद्र सिंह होरा की इस पहल से राहगीरों को राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने जनहित में किए गए इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता था, लेकिन अब काफी हद तक समस्या दूर हुई है।

जितेंद्र सिंह होरा ने बताया सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। मैंने यह कार्य किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कराया है। हमारा उद्देश्य यही है कि सड़क से गुजरने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सुरक्षित आवागमन हो सके। संबंधित विभाग को भी सड़क की स्थायी रूप से मरम्मत और निगरानी करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

Back to top button