बसना

बसना: कबड्डी में भूकेल की बेटियों का परचम, जिला स्तर पर बनीं चैंपियन,बागबाहरा को 25-18 से हराया, अब मुंगेली में राज्य स्तर पर दिखाएंगी दम

बसना: जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता तेंदुकोना महासमुंद में बसना ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करते हुए सरस्वती शिशु मंदिर भूकेल की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। कप्तान ईशा दास के नेतृत्व में उतरी टीम ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम किया।

सेमीफाइनल मुकाबले में भूकेल की टीम ने झलप महासमुंद की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल में बागबाहरा की टीम के साथ रोमांचक मुकाबला हुआ। भूकेल की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25-18 अंकों से जीत दर्ज की और 7 अंकों के अंतर से जिला स्तरीय खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान ईशा दास के साथ टीम में मानवी दिवान, आदित्य सेठ, कविता भोई, लक्ष्मी यादव, सृष्टि भोई और जीविका साव ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास और मजबूत तालमेल ने टीम को निर्णायक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद सरस्वती शिशु मंदिर भूकेल की टीम का चयन राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता मुंगेली के लिए हुआ है। अब टीम मुंगेली में महासमुंद जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य दयानिधि साव ने खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि बेटियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से विद्यालय के साथ पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रांतीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। टीम की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मुंगेली में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

Back to top button