गांजा तस्करी करते ओडिसा व राजस्थान के 03 तस्क गिरफ्तार,18,70,000 रूपये जप्त
03 नग मोबाईल सहित कुल 18 लाख 95 हजार रूपये की संपत्ति जप्त

महासमुंद/कोमाखान। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोमाखान पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 37.400 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख 70 हजार रुपये है, बरामद किया गया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 18 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोमाखान रेलवे स्टेशन के पास तीन व्यक्ति गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास घेराबंदी की और संदिग्ध तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उनके पास से 37.400 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और तीन मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सुनील मेहेर (37), निवासी बलदियामाल, थाना जुनागढ़, जिला कालाहांडी, ओडिशा; गौतम माखीजा (24), निवासी महावीर नगर, कोटा, राजस्थान; तथा अर्जुन सरकार (20), निवासी उद्योग नगर, कोटा, राजस्थान बताए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांजा भवानीपटना (ओडिशा) से कोटा (राजस्थान) ले जाने की बात स्वीकार की है। मामले में कोमाखान थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 130/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।
जब्त संपत्ति
37.400 किलो अवैध गांजा — कीमत करीब ₹18,70,000
03 नग मोबाइल फोन — कीमत करीब ₹25,000
कुल जब्त संपत्ति — करीब ₹18,95,000
पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा आगे भी जांच की जा रही है।