बसना: बिजली जांच करने पहुंची कनिष्ठ अभियंता एवं टीम से भिड़ा युवक, गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी FIR दर्ज

बसना। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड बसना शहर वितरण केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ शासकीय कार्य के दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अरूण डड़सेना उर्फ मोनू डड़सेना के खिलाफ धारा 296, 351(2) और 221 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बसना शहर वितरण केंद्र के उपभोक्ता पीतराम डड़सेना निवासी बंसुलाडीपा के विद्युत कनेक्शन पर 87,241 रुपये का बिजली बिल बकाया होने के कारण 19 अगस्त को ऑनलाइन डिस्कनेक्शन किया गया था। 20 अगस्त को भी बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर कनिष्ठ अभियंता धीरज कुमार देवांगन अपने विभागीय स्टाफ के साथ संबंधित परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे।
शिकायत के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान बिजली मीटर की बॉडी सील और टर्मिनल सील कटी हुई मिली। साथ ही मीटर के इनकमिंग केबल वायर से कथित तौर पर डायरेक्ट हुक लगाकर बिजली का अनधिकृत उपयोग किया जा रहा था। इसके बाद विभागीय टीम ने बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की।
आरोप है कि इसी दौरान उपभोक्ता पीतराम डड़सेना के छोटे पुत्र अरूण डड़सेना उर्फ मोनू डड़सेना मौके पर पहुंचा और विभागीय कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए कर्मचारियों को मारने के लिए दौड़ाया। स्थिति को देखते हुए परिवार के सदस्यों द्वारा परिसर का गेट बंद कर दिया गया, जिसके बाद विभागीय कर्मचारी वहां से निकलकर बसना थाना पहुंचे।
कनिष्ठ अभियंता धीरज कुमार देवांगन ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।