बसना: पलसापाली बैरियर के पास आमने-सामने की टक्कर, टाटा इंट्रा क्षतिग्रस्त

बसना: पदमपुर रोड स्थित पलसापाली बैरियर के पास रविवार को दो वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक टाटा इंट्रा वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के ग्राम डाही निवासी सतीश कुमार पटेल (26) बालांगीर से फल उतारकर अपने टाटा इंट्रा क्रमांक CG04 QZ 7693 से रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे पलसापाली बैरियर के पास सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG04 NZ 6105 के चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टाटा इंट्रा को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में टाटा इंट्रा का गेट, बंपर, वाइजर और चेसिस क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में तरुण ठाकुर का नाम सामने आया है।
पीड़ित चालक सतीश कुमार पटेल ने मामले की रिपोर्ट संबंधित थाने में दर्ज कराते हुए ट्रक चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।