शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को मिली थी जान से मारने की धमकी, अभी तक दर्ज नहीं हुई FIR

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है, एक अज्ञात शख्स ने उन्हें अतीक अहमद की तरह मौत के घाट उतारने की धमकी दी है।
मिली जानकारी के अनुसार – ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी को जान से मारने की धमकी दी गई है, आरोप है कि अज्ञात शख्स ने फोन पर मैसेज कर अभद्र गालियां दी और उन्हें अतीक अहमद की तरह खत्म करने की धमकी दी है. इस संबंध में शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी ने शैलेन्द्र योगिराज ने जानकारी दी है, उन्होंने पुलिस पर इस मामले में टालमटोल करने का आरोप लगाया है।
शंकराचार्य के समर्थक इस मामले में गुरुवार को वाराणसी के भेलुपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे लेकिन पुलिस ने उनकी बात को अनसुना कर दिया और उनकी शिकायत दर्ज नहीं की, समर्थकों का कहना है कि वो आज शुक्रवार 10 अप्रैल को थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश करेंगे लेकिन शाम पांच बजे तक अगर एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो वो थाने के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे.
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी को जान से मारने की धमकी –
शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी शैलेंद्र योगिराज ने इस संबंध में समर्थकों से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने समर्थकों के नाम दिए संदेश में कहा कि ‘आपको जानकारी होगी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा पूज्य शंकराचार्य जी को अतीक अहमद की तरह खत्म करने की धमकी दी गई है.
इस को लेकर हम कल भेलपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराने गए थे लेकिन, एक घंटे में आइए, एक घंटे में आइए कहकर पूरा दिन निकाल दिया और अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकीं है.
आज शाम 5 बजे तक प्रतीक्षा किया जाएगा उसके बाद भेलपुर थाने पर अपने लोगों को अपना विरोध प्रदर्शन करने के लिए और एफआईआर दर्ज कराने की बात करने के लिए एकत्रित होना है. हमारा अनुरोध है कि आप भी इसमें सम्मिलित हो।
समर्थकों ने पुलिस प्रशासन पर लगाए आरोप –
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ शंकराचार्य को अप्रैल महीने की शुरुआत से ही मोबाइल नंबर पर लगातार धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहा है. जिसमें उनके खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और मारने की धमकी दी गई. नंबर ब्लॉक करने के बाद भी 6 अप्रैल को फिर से उन्हें फ़ोन करने की कोशिश की गई और वॉयस मेल पर भेजे संदेश में ये बातें कहीं गई हैं।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी के बाद प्रदेश की सियासत गर्म हो गई हैं, शंकराचार्य के समर्थकों का कहना है कि अगर उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई तो वो पुलिस प्रशासन के विरोध में धरना देंगे और प्रदर्शन करेंगे।