बसना

बसना में 20 मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ाया, बलेनो समेत दो वाहन जब्त

गौ तस्करी की सूचना पर नाकाबंदी, वाहन छोड़कर चालक फरार: मामले की जांच में जुटी पुलिस

बसना। थाना बसना क्षेत्र में मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना पर बजरंग दल एवं छत्तीसगढ़ गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की सहायता से कार्रवाई करते हुए 20 नग मवेशियों से भरा एक अशोक लीलैंड ट्रक और एक बलेनो कार को पकड़कर थाना बसना के सुपुर्द किया है। इस दौरान दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।

प्राप्त आवेदन के अनुसार ग्राम झलप निवासी एवं गौ सेवा आयोग विकासखंड महासमुंद के सदस्य नितीन अग्रवाल उर्फ राजा को 12 सितंबर 2026 की बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक CG10BN2718 में बड़ी संख्या में मवेशियों को थाना लवन, जिला बलौदाबाजार क्षेत्र से भरकर पदमपुर, ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। आवेदन में ट्रक के आगे एक बलेनो कार द्वारा पायलेटिंग किए जाने की भी जानकारी दी गई थी।

सूचना के आधार पर गढ़फुलझर चौक, थाना बसना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान सामने से बलेनो कार क्रमांक CG04MU1710 आती दिखाई दी। उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार चालक वाहन लेकर आगे निकल गया। पीछा किए जाने पर चालक कार को छोड़कर मौके से फरार हो गया। आवेदन में फरार चालक के रूप में अबरार खान एवं मुख्तार अहमद के नाम का उल्लेख किया गया है।

कुछ देर बाद अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक CG10BN2718 भी वहां पहुंचा। ट्रक को रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक ने वाहन नहीं रोका और गढ़फुलझर चौक से कुछ आगे पदमपुर रोड पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। आवेदन के मुताबिक ट्रक चालक की पहचान लम्बू उर्फ गोलू के रूप में बताई गई है, जबकि परिचालक की पहचान नहीं हो सकी है।

ट्रक की जांच करने पर उसमें 20 नग मवेशी भैंसा पाए जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है। इसके बाद बलेनो कार और ट्रक दोनों को थाना बसना लाकर पुलिस को सुपुर्द किया गया।

आवेदक ने पुलिस से मवेशियों की स्थिति एवं वाहनों की जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पशु क्रूरता, अवैध पशु परिवहन एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button