भंवरपुर

बसना/भंवरपुर: बिजली मीटर जांच के दौरान कनिष्ठ यंत्री से अभद्रता, सरकारी मीटर फावड़े से तोड़ने का आरोप,थाने में मामला दर्ज

बसना/भंवरपुर: महासमुंद जिले के भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम धुपेनडीह में विद्युत मीटर परीक्षण के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कनिष्ठ यंत्री की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के पिरदा वितरण केंद्र में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री दुलेश्वर कुमार दीवान ने शिकायत दर्ज कराई है कि 18 जुलाई 2026 को वे सहायक यंत्री राकेश कुमार बारिक तथा ठेका कर्मचारी गनपत सिदार और दिनेश यादव के साथ ग्राम धुपेनडीह में उपभोक्ता के बिजली मीटर का परीक्षण करने पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान गांव के जितेन्द्र पटेल ने मीटर जांच का विरोध करते हुए कनिष्ठ यंत्री को हाथ पकड़कर रोक दिया और फावड़ा उठा लिया। कर्मचारी के हटने के बाद जितेन्द्र पटेल ने कथित रूप से शासकीय बिजली मीटर पर फावड़े से वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही कर्मचारियों को धमकी देते हुए कहा कि जो करना है कर लो।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूरी घटना को मौके पर मौजूद कर्मचारी गनपत सिदार ने देखा तथा घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है।

कनिष्ठ यंत्री की लिखित शिकायत के आधार पर भंवरपुर चौकी पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 221, 326 एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button