भंवरपुर

बसना/भंवरपुर: गली रास्ता घेरने से रोकने पर किसान से मारपीट, दो सगे भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

बसना/भंवरपुर। बसना थाना अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र में सार्वजनिक गली रास्ता घेरने का विरोध करना एक किसान को महंगा पड़ गया। रास्ता घेरने से मना करने पर दो सगे भाइयों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज, डंडे से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, ग्राम छातापठार निवासी जगदीश प्रसाद 11 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल से अपने खेत जा रहे थे। जब वे भंवरचुआं स्थित कृपाराम पटेल के घर के सामने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि ओमनाथ पटेल गांव के गली रास्ते पर घेरा लगा रहा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने सार्वजनिक गली रास्ते को घेरने से मना किया तो ओमनाथ पटेल कथित रूप से आक्रोशित हो गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने हाथ में रखे डंडे से उनके दाहिने कंधे और दाहिने हाथ की कोहनी के पास वार कर दिया।

एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि इसी दौरान ओमनाथ पटेल का भाई कृपाराम पटेल भी मौके पर आ गया और उसने भी कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए डंडे से शिकायतकर्ता के दाहिने पैर के पंजे पर हमला किया। मारपीट में शिकायतकर्ता के कंधे, हाथ और पैर में चोटें आईं।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया है कि घटना को एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने देखा तथा घटना की जानकारी उन्होंने अपने पुत्र गंगाधर मैत्री को भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

नोट: यह समाचार पुलिस में दर्ज एफआईआर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है तथा आरोपों की पुष्टि जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Back to top button