भंवरपुर

बसना/भंवरपुर : झारउडेला में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका; अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

बसना/भंवरपुर : थाना अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम झारउडेला में एक 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत को हत्यात्मक प्रकृति का बताया गया है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम झारउडेला निवासी मोगरे भोई (30 वर्ष) का शव 2 जून की सुबह रविशंकर पटेल के घर की बाड़ी में स्थित बोरवेल के पास मिला था। शव चित अवस्था में पड़ा हुआ था तथा उसके गले में सफेद कपड़े का टुकड़ा लिपटा हुआ था, जिसका एक हिस्सा बोर के केसिंग पाइप में भी फंसा हुआ पाया गया।

घटना की सूचना गांव के गनपत कंवर ने चौकी भंवरपुर में दी, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान और शव परीक्षण में मृतक के सिर एवं शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट, खरोंच तथा संघर्ष के निशान पाए गए।

डॉक्टर द्वारा जारी शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि मृतक के शरीर पर मौजूद चोटें मृत्यु पूर्व की हैं तथा मौत की प्रकृति हत्यात्मक (Homicidal) प्रतीत होती है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।

चौकी भंवरपुर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के कारणों तथा आरोपी की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं पर बारीकी से काम किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Back to top button