भंवरपुर। ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालन का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

बसना थाना अंतर्गत पुलिस चौकी भंवरपुर द्वारा ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा खेलने एवं खिलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार – दिनांक 15 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 8:55 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भंवरपुर चौक के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल मैच पर सट्टा खेल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी योगेश्वर देवांगन (उम्र 42 वर्ष) निवासी भंवरपुर को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से POCO M6 Pro 5G स्मार्टफोन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच करने पर उसमें व्हाट्सएप चैटिंग के माध्यम से सट्टा संचालन के साक्ष्य मिले। साथ ही UPI के जरिए कुल 6,800 रु.के दो ट्रांजैक्शन किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मौके पर ही डिजिटल साक्ष्यों का स्क्रीनशॉट लेकर सुरक्षित किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए अन्य कई व्यक्तियों के नाम बताए, जो इस अवैध सट्टा नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस द्वारा सभी के संबंध में जांच जारी है।
उक्त मामले में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है।