तुमगांव। फैक्ट्री में काम के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण कर्मचारी की हुई मौत, मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज

तुमगांव। बड़ी खबर तुमगांव क्षेत्र से आ रही है जहाँ (पीकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड ) नामक एक निजी कंपनी में कार्य के दौरान हुई दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ऊंचाई से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हुए कर्मचारी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में कंपनी प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध पाते हुए अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार – मृतक ताम्रध्वज (उम्र 39 वर्ष), निवासी ग्राम तुमगांव, दिनांक 01 दिसंबर 2025 को पीकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड (ग्राम अछोली) में कार्य देखने के दौरान लगभग 10-15 फीट ऊंचाई पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। इस हादसे में उसे सिर, आंख, छाती और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई।
घायल को तत्काल ” रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल ” ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए ” कालड़ा बर्न एन्ड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर ” रेफर किया गया।
जहाँ लगातार उपचार के बावजूद 03 दिसंबर 2025 को शाम 4 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
उक्त मामले की जांच में पुलिस गवाहों के बयान और चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कंपनी के सीनियर मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) अनुज पंचाल के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।