होली पर्व को लेकर बसना थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न
सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

बसना देशराज दास। बसना नगर के थाना परिसर में आगामी 4 मार्च को होने वाली होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन एसडीओपी पुलिस ललिता मेहेर एवं बसना थाना प्रभारी शरद दुबे के उपस्थिति में किया गया।
बैठक में होली सहित आगामी सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्वक, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों एवं नागरिकों से सुझाव लिए और उन पर अमल करने का आश्वासन दिया।

बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, बसना जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि निर्मल दास, मिंटू वीरा, अशरफ गिगानी, जसविंदर सिंह, रमेश अग्रवाल, राकेश डड़सेना सहित पत्रकार साथी सेवक दास दीवान, मनहरण सोनवानी, गौरीशंकर मानिकपुरी, देशराज दास, इब्राहिम कादरी, हेमंत टांडी, बसन्त साहू एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसडीओपी ललिता मेहेर ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने से बचें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बसना क्षेत्र सदैव शांति और सौहार्द का उदाहरण रहा है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वही थाना प्रभारी शरद दुबे ने दिए सख्त निर्देश- थाना प्रभारी शरद दुबे ने सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि होली पर्व को हर्षोल्लास एवं अनुशासन के साथ मनाया जाए। किसी भी प्रकार की विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब पीकर हुड़दंग करने वालों, अशांति फैलाने वालों एवं कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में उपस्थित नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन्हें प्रशासन द्वारा गंभीरता से लिया गया। सभी ने एक स्वर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने का संकल्प लिया।