सरायपाली: तेज रफ्तार बाइक ने किशोर को मारी टक्कर, सिर से लेकर पैर तक आई चोटें; अस्पताल में कराया गया इलाज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। सरायपाली। गांव के मेन रोड पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाने से 17 वर्षीय किशोर के दुर्घटनाग्रस्त होने का मामला सामने आया है। हादसे में किशोर के दाहिने पैर, सिर, चेहरे, कमर, पसली और दोनों हाथों में चोटें आई हैं। घायल को पहले सरायपाली सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर किए जाने पर बसना के अग्रवाल नर्सिंग होम में उपचार कराया गया। मामले में सरायपाली पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) एवं 281 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम बालसी निवासी अनुराग अजय (17 वर्ष) 1 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे किराना सामान लेने गांव के मेन रोड स्थित दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान प्रधान फैंसी स्टोर्स के पास पीछे से ग्राम बगईजोर की ओर आ रही पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GD 1090 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अनुराग सड़क पर गिर गया और उसके दाहिने पैर, सिर के पीछे, बाईं आंख के पास चेहरे, कमर, पसली तथा दोनों हाथों में चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सरायपाली लेकर पहुंचे। वहां से रेफर किए जाने पर अग्रवाल नर्सिंग होम बसना में उसका इलाज कराया गया।
उपचार के बाद पीड़ित ने 11 नवंबर 2026 को थाना सरायपाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और संबंधित बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।