बसना

बसना, सरायपाली, अरेकेल, खेमड़ा,गढ़फूलझर,अकोरी और रसोड़ा में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र

देशराज दास बसना। भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की पावन रथयात्रा इस वर्ष बसना, सरायपाली, अरेकेल, खेमड़ा और रसोड़ा सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण के बीच धूमधाम से निकाली गई। रथयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे क्षेत्र में जय जगन्नाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय माहौल बना रहा।

रथयात्रा विभिन्न गांवों एवं नगरों के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ का पुष्पवर्षा एवं आरती के साथ स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक रथयात्रा में भाग लिया। कई स्थानों पर भजन मंडलियों द्वारा संकीर्तन प्रस्तुत किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, प्रसाद और पेयजल की व्यवस्था भी की गई।

बसना, सरायपाली, अरेकेल, खेमड़ा, गढ़फूलझर,अकोरी और रसोड़ा में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से रथयात्रा का सफल आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे रथयात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

रथयात्रा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की। धार्मिक उत्साह और जनसहभागिता ने यह संदेश दिया कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का महापर्व है।

जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता क्षेत्र की धार्मिक चेतना और एकजुटता को दर्शाती है। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ से सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रसोड़ा निवासी प्रफुल्ल होता ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश देने वाला महापर्व है। रथयात्रा में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रति गहरी आस्था को दर्शाती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से क्षेत्र के विकास, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

Back to top button