पटेवा

पटेवा। झलप के NCC अस्पताल में हंगामा, प्रसव के बाद नवजात के इलाज को लेकर परिजनों ने स्टाफ से की मारपीट और गाली-गलौज

पटेवा। क्षेत्र अंतर्गत स्थित एनसीसी अस्पताल झलप में प्रसव के बाद नवजात शिशु के इलाज को लेकर परिजनों द्वारा अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार – ग्राम बावनकेरा निवासी नीरज यादव, जो एनसीसी अस्पताल झलप में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत हैं, ने थाना पटेवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 27 फरवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे ग्राम फुटगुना निवासी प्रसूता पदमा यादव को प्रसव के लिए सरकारी अस्पताल पिथौरा से रेफर कर एनसीसी अस्पताल लाया गया था।

प्रसूता का प्रसव अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद नर्स द्वारा कराया गया। बताया गया कि नवजात शिशु ने गर्भ में गंदा पानी निगल लिया था, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की तैयारी की जा रही थी और एंबुलेंस का इंतजार किया जा रहा था।

इसी दौरान प्रसूता के परिजन— आत्माराम यादव, प्रफुल्ल राजपूत, टेकलाल साहू एवं एक अन्य व्यक्ति—अस्पताल पहुंचे और नवजात के इलाज को लेकर आक्रोशित हो गए। बताया कि उन्होंने अस्पताल स्टाफ के साथ गाली-गलौज की और वार्ड बॉय नीरज यादव के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोट आई और नाक से खून बहने लगा।

घटना के दौरान अन्य स्टाफ सदस्यों, जिनमें आरएमओ, लैब टेक्नीशियन एवं नर्सिंग स्टाफ शामिल हैं, ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पुलिस द्वारा शिकायत की जांच के दौरान गवाहों के बयान लिए गए, जिसमें घटना की पुष्टि हुई। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 3(5) तथा छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा अधिनियम 2010 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

Back to top button