बसना

नवंबर महीने से राशन का इंतजार, 130 परिवार परेशान,ग्रामीणों ने लगाया वितरण में लापरवाही का आरोप, विभाग बोला– सॉफ्टवेयर बंद होने से अटका मामला

देशराज दास बसना। गरीबों को खाद्य सुरक्षा देने के उद्देश्य से संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) देवरी गांव में सवालों के घेरे में है। बसना विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति अंकोरी की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 582005068 में नवंबर 2025 माह का चावल और अन्य खाद्यान्न अब तक वितरित नहीं होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 130 से अधिक राशनकार्डधारी परिवार पिछले तीन महीने से अपने हिस्से के अनाज का इंतजार कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि उनका परिवार मुख्य रूप से शासकीय राशन पर निर्भर है। राशन नहीं मिलने से कई घरों में आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है और लोगों को मजबूरी में बाजार से महगे दाम पर चावल खरीदना पड़ रहा है।

रात तक लाइन, फिर भी नहीं मिला राशन
ग्रामीण हितग्राहियों – वृंदावती/सेवकराम, जयकुमारी/मुकेश डड़सेना, दौलतराम/अजाम्बर, उर्मिला/नरसिंह, सुधनी/उग्रसेन, चंद्रिका/विजय, दुरपति/दुर्योधन, दुतिया/सम्पत सहित अन्य लोगों का आरोप है कि 30 नवंबर को वितरण की बात कहकर उन्हें दुकान बुलाया गया। लोग देर रात तक लाइन में खड़े रहे, लेकिन सेल्समैन द्वारा सॉफ्टवेयर बंद होने की बात कहकर वितरण रोक दिया गया। इसके बाद एक सप्ताह में राशन देने का आश्वासन दिया गया, जो अब तक पूरा नहीं हुआ।

ग्रामीणों के सवाल
ग्रामीण पूछ रहे हैं कि नवंबर माह का चावल आखिर है कहां? यदि स्टॉक आया था तो वितरण क्यों नहीं हुआ? मामले में पारदर्शिता नहीं होने से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और वे जांच की मांग कर रहे हैं।

जांच की उठी मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों का भौतिक सत्यापन कराया जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है। हितग्राहियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर उनका राशन दिलाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

विभाग और जनप्रतिनिधियों का पक्ष
बसना खाद्य निरीक्षक हेमंत वर्मा ने बताया कि जब हमें जानकारी मिली कि चावल वितरण बचा हुआ है, तो जिला कार्यालय को पत्र लिखा गया। यह केवल हमारे जिले की समस्या नहीं है, हड़ताल के कारण कई जिलों में वितरण प्रभावित हुआ। जब तक सॉफ्टवेयर नहीं खुलेगा और अंगूठा नहीं लगेगा, तब तक चावल वितरण संभव नहीं है। जैसे ही प्रावधान मिलेगा, वितरण किया जाएगा।

सेल्समैन भूपेंद्र बाघ ने कहा नवंबर माह में हड़ताल के कारण 130 राशनकार्डधारियों को राशन नहीं मिल पाया। हमारे पास चावल का स्टॉक है, सॉफ्टवेयर खुलते ही वितरण कर दिया जाएगा।

ग्राम पंचायत देवरी के सरपंच सुरेश कुमार कोसरिया ने बताया मैंने बसना खाद्य निरीक्षक से बात की है। राज्य शासन को सूचना दे दी गई है। जैसे ही सॉफ्टवेयर खुलेगा, चावल वितरण किया जाएगा।

Back to top button