बसना में आवारा एवं बेसहारा पशुओं को लेकर नगर पंचायत सख्त, पशुपालकों को दी चेतावनी
पशु सड़क या सार्वजनिक स्थान पर मिले तो होगी कार्रवाई

देशराज दास बसना। नगर पंचायत बसना द्वारा नगर एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। सड़क पर घूमने वाले गाय, बैल, बछड़े एवं अन्य बेसहारा मवेशियों के कारण आम जनता और वाहन चालकों को हो रही परेशानी तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर पंचायत ने पशुपालकों से अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है।
नगर पंचायत की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आवारा पशुओं के सड़कों पर घूमने से जहां आम नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बेजुबान पशुओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। शासन के निर्देशानुसार इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखा जाना आवश्यक है।
पशु सड़क या सार्वजनिक स्थान पर मिले तो होगी कार्रवाई
नगर पंचायत बसना क्षेत्र के सभी पशुपालकों से अपने स्वामित्व वाले पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उनके पशु मुख्य मार्गों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुले में न घूमें।
नगर पंचायत ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई पशु सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर घूमता हुआ पाया जाता है, तो संबंधित पशुपालक के खिलाफ नगर पंचायत द्वारा कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित पशु पालक की होगी।
लोगों से सहयोग की अपील
नगर पंचायत ने पशु पालकों एवं नागरिकों से इस गंभीर एवं मानवीय मुद्दे पर एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की है। नगर पंचायत का कहना है कि सामूहिक सहयोग से ही इंसानों और पशुओं दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
नगर पंचायत की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आम जनता एवं वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आवारा पशुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
नगर पंचायत बसना ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रहने के साथ ही बेजुबान पशुओं की भी सुरक्षा बनी रहे।