बसना

बसना/भंवरपुर: बिजली पोल से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई का आरोप, पांच लोगों पर मामला दर्ज

बसना/भंवरपुर। ग्राम तरेकेला में एक युवक को बिजली के पोल से रस्सी के सहारे बांधकर टंगिया और हाथ-मुक्का व लात से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता हितलाल निषाद की शिकायत पर चौकी भंवरपुर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धारा 109(1), 191(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, प्रार्थी हितलाल निषाद निवासी तरेकेला 25 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे जुनाडीह गया था। करीब 9:30 बजे घर लौटने पर उसकी पत्नी रो रही थी। पत्नी ने बताया कि विजय शेष, रामलाल शेष, श्यामलाल शेष, योगी उर्फ निलेश शेष और भोजराम शेष ने उसके बेटे युधिष्ठिर को एक साथ मिलकर रस्सी से बिजली के पोल में बांध दिया और उसके साथ मारपीट की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विजय शेष ने हाथ में रखी टंगिया से युधिष्ठिर के सिर पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने उसे पकड़कर हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की। इस दौरान आरोपियों द्वारा जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर हितलाल ने डायल-112 को सूचना दी। इसके बाद घायल युधिष्ठिर को शासकीय अस्पताल बसना में भर्ती कराया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट में युधिष्ठिर के सिर से खून निकला तथा शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना को उसकी पत्नी राधाबाई निषाद, बहू पुष्पा निषाद सहित अन्य लोगों द्वारा देखे-सुने जाने की बात शिकायत में कही गई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर विजय शेष, रामलाल शेष, श्यामलाल शेष, योगी उर्फ निलेश शेष और भोजराम शेष, सभी निवासी तरेकेला, के खिलाफ अपराध कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस कार्रवाई के बाद ही घटना के पूरे कारण और विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Back to top button