देश-विदेश

मौसम विभाग की चेतावनी, पहाड़ों में बर्फबारी बनेगी मुसीबत, जानिए कहां होगी आफत की बारिश

नई दिल्ली। पहाड़ों में इन दिनों बर्फबारी का दौर है, जिससे मैदानी इलाकों का तापमान नीचे लुढ़कता जा रहा है। लुढ़कते तापमान के बीच लोगों को ठंड का भी सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे में केरल में बारिश की संभावना जताई है, जबकि उत्तर भारत के राज्यों में 26 दिसंबर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिसके कारण कुछ इलाकों में ठीक-ठाक बारिश देखी जा सकती है। वहीं उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड नजर आ रही है।

हरियाणा-पंजाब ठिठुरे लोग
हरियाणा-पंजाब में शनिवार को भी कड़ाके की ठंड रही तथा हिसार में सबसे कम 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक हिसार सबसे ठंडा शहर रहा। राज्य में अन्य स्थानों की बात करें तो करनाल, सिरसा, रोहतक, अंबाला और भिवानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री सेल्सियस, 4.1 डिग्री सेल्सियस, चार डिग्री सेल्सियस, 5.3 डिग्री सेल्सियस और 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब में आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पठानकोट, हलवारा और बठिंडा में भी लोगों को भीषण सर्दी का सामना करना पड़ा और इन स्थानों पर न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.5 डिग्री सेल्सियस, 3.7 डिग्री सेल्सियस और 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में दो दिन तापमान बढ़ने की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, हिमाचल के ऊपरी इलाकों में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण दिल्ली में रविवार एवं सोमवार को तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है। हालांकि, इस अवधि में ‘मध्यम’ कोहरा छाये रहने की संभावना है। दिल्ली से शीत लहर का दौर 29 दिसंबर के बाद लौटेगा। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन यह अब भी ‘‘बेहद खराब” स्थिति में है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह नौ बजे 324 था।

यहां बारिश की भी संभावना
हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और बिहार में शीतलहर और कोहरे की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। अनुमान है कि 26-27 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने शनिवार से अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 12 दिसंबर को बर्फबारी के बाद से समूचे कश्मीर में मौसम शुष्क बना हुआ है और तेज ठंड है. कई जगहों पर रात में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे बना हुआ है।

Back to top button