महासमुंद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: अवैध शराब के 4 कोचिए गिरफ्तार, 21.780 लीटर शराब समेत ₹1.22 लाख की संपत्ति जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध शराब के कारोबार और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग चार स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 21.780 लीटर अंग्रेजी एवं देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत ₹12,340 बताई गई है।
पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 03 मोटरसाइकिल और 01 स्कूटी भी जब्त की है। वाहनों की कीमत करीब ₹1.10 लाख है। इस तरह चारों मामलों में कुल ₹1,22,340 की संपत्ति जब्त की गई है।
चार अलग-अलग मामलों में हुई कार्रवाई
पहला मामला:
14 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम घोड़ारी-बिरकोनी रोड किनारे घेराबंदी कर मोटरसाइकिल चालक भोलाराम दुबे (36 वर्ष), निवासी कांपा, थाना तुमगांव को पकड़ा। उसके कब्जे से 5.760 लीटर देशी मसाला एवं अंग्रेजी शराब, कीमत ₹3,440, तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल कीमत ₹20,000 जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 463/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरा मामला:
महानदी ढाबा के पास मेन रोड बिरकोनी में पुलिस ने स्कूटी चालक रविशंकर बघेल (38 वर्ष), निवासी तेन्दूवाही, थाना तुमगांव को पकड़ा। उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी मसाला शराब, कीमत ₹3,000, और ₹15,000 कीमत की स्कूटी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 464/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तीसरा मामला:
हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने तुमाडबरी, महासमुंद के पास पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक संजय साहू (26 वर्ष), निवासी अखरापारा बेलसोंडा को घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से 5.220 लीटर देशी मसाला शराब, कीमत ₹2,900, तथा परिवहन में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल कीमत ₹50,000 जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 465/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
चौथा मामला:
बरबसपुर चौक, ग्राम बिरकोनी के पास पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक तारेन निषाद (41 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 05 नहरपारा बड़गांव, थाना तुमगांव को पकड़ा। उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी मसाला शराब, कीमत ₹3,000, तथा ₹25,000 कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 466/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
थाना महासमुंद पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, चारों मामलों में कार्रवाई थाना महासमुंद पुलिस एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
कुल जब्ती एक नजर में
21.780 लीटर शराब — कीमत ₹12,340
03 मोटरसाइकिल एवं 01 स्कूटी — कीमत ₹1,10,000
कुल जब्त संपत्ति — ₹1,22,340
कुल गिरफ्तार आरोपी — 04
कुल प्रकरण — 04
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।