बसना

बसना: पोषण पखवाड़े में आंगन मिलन समारोह, बच्चों की स्वस्थ स्पर्धा ने बांधा समां

बरपेलाडीह में गोद भराई-अन्नप्राशन के साथ पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

बसना विकासखंड के ग्राम बरपेलाडीह के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में पोषण पखवाड़े के तहत आंगन मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं, किशोरी बालिकाओं और 3 से 6 वर्ष के बच्चों ने सहभागिता कर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गांव के गौटिया नवल पटेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच बसंत बाघ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक पांडे और हेमलाल चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भारत माता और मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया

पोषण के साथ संस्कार और स्वास्थ्य का संदेश
समारोह में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान बच्चों के स्वस्थ विकास, संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित देखभाल के महत्व पर जानकारी दी गई। 3 से 6 वर्ष के बच्चों के बीच स्वच्छ एवं स्वस्थ स्पर्धा आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।

मुख्य अतिथि नवल पटेल ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन ही मजबूत समाज की नींव है। पोषण केवल भोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, संस्कार, नियमित देखभाल और परिवार के जागरूक व्यवहार से बच्चे का समग्र विकास होता है।वही अध्यक्ष बसंत बाघ ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की पहली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण परिवारों में जागरूकता बढ़ती है और बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव तैयार होती है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तुलसी भोई और हाराबाई, सहायिका सरस्वती तथा गायत्री चौहान को अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभा भोई, वृंदावती वैष्णव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

Back to top button