बसना

गांधी जयंती पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में रक्तदान शिविर, 64 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

बसना। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 64 लोगों ने रक्तदान किया, जिसमें 59 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल रहे। शिविर का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में इसका महत्वपूर्ण योगदान है।

रक्तदाताओं के सम्मान के साथ सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिवनाथ ब्लड सेंटर की ओर से सभी रक्तदाताओं को उपहार स्वरूप हेलमेट प्रदान किए गए। वहीं राइस मिल एसोसिएशन, बसना की ओर से प्रत्येक रक्तदाता को पानी की बोतल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ, शिवनाथ ब्लड सेंटर की टीम, राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Back to top button