बसना

बसना:साइबर ठगी के लिए बैंक खाते सप्लाई करने वाला आरोपी आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार

बसना। साइबर ठगी के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए महासमुंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के एक आरोपी को आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार किया है। थाना बसना पुलिस ने बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने के मामले में मुख्य आरोपी बी. लक्ष्मणा डोरा को पोलावरम, जिला पश्चिम गोदावरी (आंध्र प्रदेश) से पकड़ा है। आरोपी ग्रामीणों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक व सिम कार्ड साइबर अपराधियों तक पहुंचाता था।

पुलिस के अनुसार ग्राम मनकी निवासी राजकुमार ताण्डी ने 20 अगस्त 2026 को थाना बसना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और थिमोथी छतरिया ने ग्रामीणों को बैंक खाता खुलवाने पर 1500 से 20 हजार रुपए तक कमीशन देने का लालच दिया था। खाते खुलवाने के बाद कंपनी में वेरिफिकेशन कराने के नाम पर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड ले लिए गए।

शिकायत के आधार पर थाना बसना में अपराध क्रमांक 452/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पूर्व में गिरफ्तार किए गए सुनील दुर्गा, थिमोथी छतरिया और हेमलाल चौहान से पूछताछ में बी. लक्ष्मणा डोरा और चंद्राराव की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक इनके कहने पर ग्रामीणों के बैंक खाते खुलवाकर उपलब्ध कराए जाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े पैसों के लेन-देन में किया जाता था।

जानकारी मिलने के बाद बसना पुलिस की टीम ने आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में दबिश दी। 2 अक्टूबर को पुलिस ने घेराबंदी कर बी. लक्ष्मणा डोरा को पोलावरम से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में सुनील दुर्गा, थिमोथी छतरिया और हेमलाल चौहान को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।

Back to top button