बसना

बसना: ट्रैक्टर के जैक रॉड से सिर पर वार कर महिला की हत्या, पति पर FIR दर्ज

बसना। ग्राम बड़े टेमरी में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पति पर अपनी पत्नी के सिर पर ट्रैक्टर के जैक रॉड से वार कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। मृतका की पहचान सुभाषिनी साव (48 वर्ष) के रूप में हुई है।

FIR में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम पौंसरा निवासी सदानंद साहू (34 वर्ष), पिता लक्ष्मण साहू को 27 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे बड़े टेमरी निवासी भोजलाल साव ने फोन कर सूचना दी कि उसकी दीदी सुभाषिनी साव को उसके पति बालकराम साव ने मार दिया है। सूचना मिलते ही सदानंद साहू तत्काल बड़े टेमरी स्थित अपनी दीदी के घर पहुंचा।

शिकायतकर्ता के अनुसार, घर के अंदर किचन में सुभाषिनी साव लहूलुहान अवस्था में मृत पड़ी थीं। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून बहा हुआ था। मौके पर मौजूद भोजलाल साव से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर बताया कि बालकराम साव ने ट्रैक्टर के जैक रॉड से सुभाषिनी साव के सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे उनकी मौत हो गई।

FIR में शिकायतकर्ता ने हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण स्वयं को ज्ञात नहीं होने की बात कही है। हालांकि, उसने पति-पत्नी के बीच किसी आपसी अथवा पारिवारिक विवाद के चलते घटना होने की आशंका जताई है।

शिकायतकर्ता सदानंद साहू ने पुलिस से आरोपी बालकराम साव के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के वास्तविक कारण और अन्य परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Back to top button