बसना

बसना: पानी टंकी में गुटखा थूकने से मना करना पड़ा भारी, युवक से मारपीट का आरोप

पिता-पुत्र पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

बसना। ग्राम बाराडोली में सार्वजनिक पानी टंकी में गुटखा खाकर थूकने से मना करने को लेकर विवाद बढ़ने का मामला सामने आया है। मामले में ग्राम बाराडोली निवासी प्रेमलाल चौहान ने राकेश डडसेना और उसके पिता राधेश्याम डडसेना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता प्रेमलाल चौहान के अनुसार, वह राजमिस्त्री का काम करता है और कक्षा 12वीं तक पढ़ा है। उसने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर को राकेश डडसेना द्वारा गांव की सार्वजनिक पानी टंकी में गुटखा खाकर थूका गया था। इस पर प्रेमलाल ने उसे सार्वजनिक स्थान पर थूकने से मना किया, जिससे राकेश कथित तौर पर नाराज हो गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।

प्रेमलाल के मुताबिक, 1 अक्टूबर को वह इसी घटना की जानकारी राकेश के पिता राधेश्याम डडसेना को देने उनके घर गया था। आरोप है कि घर के बाहर राधेश्याम डडसेना और राकेश डडसेना दोनों ने उसे समझाने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राकेश ने उसे पकड़ लिया, जबकि राधेश्याम ने लोहे की रॉड से उसके पैर पर वार किया, जिससे घुटने के नीचे चोट लगने के साथ खून निकलने लगा।

शिकायत में आगे बताया गया है कि प्रेमलाल के चिल्लाने पर गांव के सुशांत जगत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान सुशांत जगत के साथ भी गाली-गलौज की गई और बाद में दोनों आरोपी घर के अंदर चले गए।

प्रेमलाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना को सुशांत जगत सहित अन्य ग्रामीणों ने देखा और सुना है। उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में वास्तविक स्थिति जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।

Back to top button