बसना

बसना। महुआ शराब पीने के बाद दो मौतें, पिताईपाली में मातम

मतबीयत बिगड़ते ही मुंह से निकला झाग, रायपुर ले जाते समय दम तोड़ा,पोस्टमार्टम-फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

देशराज दास महासमुंद/बसना। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पिताईपाली में महुआ शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। दोनों की तबीयत शराब सेवन के कुछ ही देर बाद अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार वे बेहोश हो गए और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। हालत गंभीर होने पर दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

हालांकि रायपुर पहुंचने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया। मौत की वजह जहरीली शराब है या कोई अन्य कारण, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस ने जिस स्थान पर बैठकर शराब पीये सारी चीजें जप्त कर ली है। और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह सामने आने की बात कही है। जानकारी के अनुसार पिताईपाली निवासी रामचरण चौधरी पिता प्राणधन उम्र 55 वर्ष और लैनदास पिता सोनादास उम्र 28 वर्ष 20 सितंबर की शाम करीब 6 बजे गांव के तालाब किनारे मंदिर के पास बैठे थे।

बताया गया कि दोनों ने वहां महुआ शराब का सेवन किया। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। दोनों बेहोश हो गए और परिजनों के मुताबिक उनके मुंह से रबर जैसे झाग निकलने लगे।

रायपुर अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रामचरण चौधरी को अग्रवाल नर्सिंग होम बसना और लैनदास को कर्राभौना भंवरपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत में सुधार नहीं होने पर दोनों को रायपुर रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार रायपुर ले जाते समय ही दोनों की मौत हो गई।

पहले भी उठती रही शराब बिक्री पर आवाज

घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से अवैध तरीके से महुआ शराब बेचे जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक शराब बिक्री को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। ग्रामीणों ने महिला समिति गठित कर अवैध महुआ शराब की बिक्री रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली। अब दो मौतों के बाद यह मुद्दा फिर चर्चा में है। हालांकि ग्रामीणों के आरोपों की पुष्टि पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस बोली जांच के बाद साफ होगी मौत की वजह

बसना थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार दोनों ने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। विशेष टीम की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।

पोस्टमार्टम में मिले असामान्य लक्षण, रिपोर्ट का इंतजार

पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. जेपी प्रधान के अनुसार दोनों मृतकों के शरीर में सामान्य व्यक्ति के शरीर से अलग कुछ लक्षण पाए गए हैं। हालांकि इन लक्षणों के आधार पर फिलहाल मौत की निश्चित वजह बताना संभव नहीं है। डॉक्टर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

दो चिताएं और कई सवाल

पिताईपाली में दो मौतों के बाद मातम पसरा है। एक परिवार ने पिता खोया तो दूसरे घर में जवान बेटे की मौत से कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने गांव में शराब की बिक्री और उसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस और आबकारी विभाग की जांच पर नजर है। क्या दोनों की मौत शराब सेवन से हुई, शराब में कोई जहरीला पदार्थ मिला था या इसके पीछे कोई दूसरा चिकित्सकीय कारण था। इन सवालों का जवाब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से ही मिलेगा।

Back to top button