बसना

बसना : इमली पेड़ के पास 15 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, बसना पुलिस की कार्रवाई

बसना। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बसना पुलिस ने जगदीशपुर रोड पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को करीब 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत पुलिस ने करीब 3 हजार रुपये बताई है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को थाना बसना में पदस्थ प्रधान आरक्षक चितरंजन साहू हमराह आरक्षक के साथ अवैध शराब रेड कार्रवाई के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जगदीशपुर रोड, खेमड़ा और गेर्राभाठा के बीच इमली पेड़ के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना से थाना प्रभारी शरद दुबे को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की। रास्ते में खेमड़ा ओवरब्रिज के पास गोपाल पात्रे एवं हबीब खान को सूचना से अवगत कराकर गवाह के रूप में साथ लिया गया। पुलिस टीम मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ा।

पूछताछ में उसने अपना नाम कमलेश नंद, पिता स्व. प्रेमप्रकाश नंद, उम्र 36 वर्ष, निवासी नरसिंगपुर, थाना बसना बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 लीटर क्षमता वाली पीले रंग की प्लास्टिक जरीकेन में करीब 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब को जब्त कर मौके पर सीलबंद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

 

Back to top button