बसना: 50 किलो गांजा तस्करी के मुख्य सप्लायर को ओडिशा से दबोचा
तकनीकी साक्ष्यों और डाटा एनालिसिस के जरिए बलांगीर पहुंची महासमुंद पुलिस

बसना। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कार्रवाई करते हुए 50 किलो गांजा तस्करी के मुख्य सप्लायर को ओडिशा के बलांगीर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिस्वामित्र साहू (46) निवासी कमघाट, थाना कंटामाल, जिला बौद्ध (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी मनोज साहू अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को थाना बसना क्षेत्र के पलसापाली नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 50 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले के पंडरिया कला निवासी आशीष सिंह (31) को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा क्रेटा कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था।
पूछताछ में आशीष सिंह ने पुलिस को बताया था कि उसने गांजा ओडिशा के सोनपुर निवासी सप्लायर बिस्वामित्र साहू से लिया था और उसे क्रेटा कार से भिलाई ले जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामले की आगे की विवेचना शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और डाटा एनालिसिस के आधार पर पुलिस को मुख्य सप्लायर बिस्वामित्र साहू के ओडिशा में होने की जानकारी मिली। 1 अक्टूबर को महासमुंद पुलिस ने बलांगीर में उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने 50 किलो गांजा क्रेटा कार में लोड कर भेजने तथा वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार का वास्तविक नंबर CG 04 AQ 6466 था, जबकि उस पर OD 03 P 7254 की नंबर प्लेट लगाई गई थी।
थाना बसना पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपी मनोज साहू की तलाश की जा रही है।