महासमुंद

महासमुंद में गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष, पुलिस जवानों ने निकाली भव्य तिरंगा बाइक रैली

राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने और 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

देशराज दास महासमुंद। राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने एवं 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में रविवार को महासमुंद शहर में पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल एवं नगर सेना के जवानों द्वारा भव्य ‘तिरंगा यात्रा बाइक रैली’ निकाली गई। रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित इस तिरंगा यात्रा को उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) गोपाल धुर्वे ने पुलिस कंट्रोल रूम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा थामे पुलिस जवान मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शहर भ्रमण पर निकले।

रैली का मार्ग पुलिस कंट्रोल रूम से जिला अस्पताल, खरोरा, संजय कानन, बागबाहरा रोड, कलेक्टर बंगला होते हुए वापस पुलिस कंट्रोल रूम तक रहा। इस दौरान मार्ग में लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

150 जवान हुए शामिल, 99 मोटरसाइकिलों ने बढ़ाया उत्साह
राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं एवं 20वीं वाहिनी तथा नगर सेना के करीब 150 अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। इनमें 99 जवानों ने मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया।

जवानों के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने पूरे शहर में जोश और उत्साह का माहौल बना दिया। रैली के माध्यम से पुलिस जवानों ने राष्ट्रीय एकता एवं देशप्रेम का संदेश आमजन तक पहुंचाया।

इस गौरवपूर्ण तिरंगा यात्रा में रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी महासमुंद सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहरवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत किया।

Back to top button