बागबाहरा

बागबाहरा/महासमुंद: कल से शुरू होगा 7 कुण्डीय माँ बगुलामुखी अखंड यज्ञ, तैयारियां अंतिम चरण में

बागबाहरा/महासमुंद। विकासखंड बागबाहरा के ग्राम एम.के. बहरा (भीमखोज-खल्लारी) में 7 कुण्डीय माँ बगुलामुखी अखंड (24 घंटे) यज्ञ अनुष्ठान का शुभारंभ गुरुवार 23 अप्रैल से होने जा रहा है। आयोजन की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और पूरे गांव में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।

आयोजकों से मिली जानकारी के अनुसार बैशाख शुक्ल पक्ष अष्टमी को माँ बगुलामुखी के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी अवसर पर पूज्य गुरूजी डॉ. आनंद मतावले, प्रबंध संचालक गुरुसत्ता आध्यात्मिक तंत्र ज्योतिष वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ (पंजीकृत) के सानिध्य में इस विशेष धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के तहत 23 अप्रैल को गंगा सप्तमी के दिन अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:36 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में साधक, श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी शामिल होकर जयकारों के साथ पूरे गांव का भ्रमण करेंगे।

शोभायात्रा के बाद गुरु पूजा, देवी स्थापना और वेदी पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात सात यज्ञ कुंडों में विधि-विधान से अग्नि स्थापना कर 24 घंटे का अखंड मंत्रमय यज्ञ प्रारंभ होगा, जिसमें साधक, श्रद्धालु और ग्रामीण आहुति देंगे।

आयोजन समिति ने बताया कि यज्ञ के लिए टेंट, मंच, वेदी और सातों यज्ञ कुंडों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। शेष कार्य देर रात तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि तंत्रोक्त पद्धति से इस प्रकार का 24 घंटे का अखंड यज्ञ अनुष्ठान अंचल में पहली बार आयोजित हो रहा है। पूज्य गुरूजी ने सभी साधकों, शिष्यों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से इस पुण्य अवसर में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

यज्ञ की महापूर्णाहुति 24 अप्रैल को माँ बगुलामुखी के प्राकट्य दिवस पर पूज्य गुरूजी के अमृत प्रवचन के साथ संपन्न होगी। इस दौरान इच्छुक साधकों को मंत्र एवं विशेष मंत्र दीक्षा भी प्रदान की जाएगी। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।

Back to top button