बसना: भंवरपुर रोड पर शराब बेचने की तैयारी में थे दो युवक, बसना पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
पठियापाली के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे आरोपी, दो जर्रीकन से 15 लीटर महुआ शराब जब्त; आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बसना पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने ग्राम पठियापाली में भंवरपुर जाने वाले मार्ग के किनारे कथित रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे दो युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 15 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 3 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को प्रधान आरक्षक हेमाद्री देवता हमराह आरक्षक एवं महिला आरक्षक के साथ विवेचना के सिलसिले में ग्राम भूकेल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पठियापाली में भंवरपुर जाने वाले रोड किनारे दो व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
मौके पर मिले दोनों संदिग्धों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान हरिराम यादव (24 वर्ष) एवं मदनलाल डडसेना (36 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कलमीदादर, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास रखे दो प्लास्टिक जर्रीकन में महुआ शराब मिली। इनमें एक 10 लीटर की जर्रीकन में लगभग 10 लीटर तथा दूसरी 5 लीटर की जर्रीकन में लगभग 5 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने दोनों जर्रीकन से कुल 15 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 3 हजार रुपये है, गवाहों के समक्ष जब्त कर सीलबंद किया। शराब रखने एवं बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को 2 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।