सरायपाली: जमीन बंटवारे का विवाद बना मारपीट की वजह, भतीजे ने चाचा के सिर पर डंडे से किया वार
गाली-गलौज के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप, घायल चाचा की शिकायत पर भतीजे के खिलाफ मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली। जमीन बंटवारे को लेकर पुराना विवाद एक बार फिर मारपीट तक पहुंच गया। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम केन्दुढार में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक भतीजे पर अपने ही चाचा के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में चाचा के सिर में चोट आई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भतीजे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम केन्दुढार निवासी पंचराम बरिहा 3 नवंबर 2026 की रात करीब 8:15 बजे खाना खाने के बाद अपने घर में थे। इसी दौरान उनका भतीजा फिरोज बरिहा घर के सामने गली में पहुंचा और जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा। आवाज सुनकर पंचराम घर से बाहर निकले और भतीजे से गाली देने का कारण पूछा।
आरोप है कि इस पर फिरोज ने जमीन बंटवारे में अधिक हिस्सा लेने की बात कहते हुए फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए अपने हाथ में रखे डंडे से पंचराम के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई। घटना के दौरान सुरेश बरिहा एवं राजेश बरिहा मौके पर मौजूद थे। उन्होंने घटना देखी-सुनी और बीच-बचाव किया।
पीड़ित पंचराम बरिहा की रिपोर्ट पर सरायपाली पुलिस ने आरोपी फिरोज बरिहा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।