बसना

सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

बसना। सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर चोर को बसना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल आरोपी को पकड़ा, बल्कि चोरी गया शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया।

मामले की जानकारी के अनुसार, प्रार्थी घासी राम पटेल (67 वर्ष) निवासी सिरको बांधपारा थाना बसना ने 28 मार्च 2026 को थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 मार्च की सुबह वह पदमपुर (ओडिशा) चला गया था और उसकी पत्नी ग्राम केशरीपुर गई हुई थी। घर सूना था। जब उसकी पत्नी वापस घर पहुंची तो देखा कि मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था।

घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे का सामान बिखरा हुआ था तथा आलमारी का ताला टूटा हुआ था। आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थे। चोरी गए सामान में सोने का एक माला, दो कर्णफूल (कुल वजन करीब 25 ग्राम, कीमत लगभग 50 हजार रुपये), चांदी के पायल, बिछिया और अंगूठी (करीब 40 ग्राम, कीमत लगभग 30 हजार रुपये) तथा नगदी 5 लाख 15 हजार रुपये शामिल थे। कुल मिलाकर लगभग 5 लाख 95 हजार रुपये की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले में थाना बसना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 एवं 331(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीम गठित की। मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
सिलास सागर पिता रोहित सागर, उम्र 25 वर्ष
निवासी ग्राम सिरको, थाना बसना, जिला महासमुंद

बरामद संपत्ति
सोने के 2 नग कर्णफूल
एक जोड़ी चांदी का पायल
एक चांदी की अंगूठी
एक जोड़ी चांदी की बिछिया
नगदी रकम 5,15,000 रुपये

इस संबंध में बसना थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि चोरी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button