पिथौरा में गौमांस परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो हिरासत में; एक नाबालिग शामिल, जांच जारी

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र में कथित गौमांस परिवहन के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि टेका के पास एक बाइक में कथित गौमांस ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पिथौरा थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोका। तलाशी के दौरान बाइक से कथित गौमांस बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों हिरासत में लिए गए व्यक्ति बसना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मृत गाय का मांस ले जा रहे थे। वहीं, झलप क्षेत्र से प्राप्त इनपुट के आधार पर पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि कथित मांस कहां से लाया गया, किस उद्देश्य से उसका परिवहन किया जा रहा था और इस मामले में अन्य लोगों की भी कोई भूमिका है या नहीं।
पुलिस ने बरामद सामग्री को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और वैज्ञानिक परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार का अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
मिडिया रिपोट्स के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महासमुंद ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिथौरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस मामले की जांच निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक आधार पर की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।