सरायपाली

सरायपाली: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, पैसा डबल करने का झांसा और फिर 32 तोला सोना-4.62 लाख रुपये की ठगी का आरोप,जाने पूरा मामला

सरायपाली। सरायपाली क्षेत्र में इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई पहचान के बाद एक महिला से कथित तौर पर पैसा डबल करने का झांसा देकर लाखों रुपये और सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। बस्ती सरायपाली निवासी श्रीमती ममता पटेल ने थाना सरायपाली में आवेदन देकर ग्राम जलपुर निवासी यशवंत नायक उर्फ संजू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार ममता पटेल की इंस्टाग्राम के माध्यम से यशवंत नायक से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने कथित रूप से पैसा डबल करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिला से अलग-अलग तारीखों में फोन-पे के माध्यम से कुल 2 लाख 62 हजार 200 रुपये लिए गए। इसके अलावा 2 लाख रुपये नगद भी लेने का आरोप लगाया गया है। इस तरह महिला के अनुसार कुल 4 लाख 62 हजार 200 रुपये की राशि ली गई।

शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने पैसा डबल करने के नाम पर उससे अलग-अलग तारीखों में करीब 32 तोला सोने के आभूषण भी लिए। इनमें हार, चैन, कर्णफूल, माला, मंगलसूत्र, पदक, अंगूठी और अन्य सोने के आभूषण शामिल बताए गए हैं।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला को मामले की जानकारी अपने पति, सास-ससुर को देने पर जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया। महिला ने बताया कि काफी हिम्मत जुटाने के बाद उसने घटना की जानकारी अपने पति और ससुर को दी।

इसके बाद मामले को लेकर सामाजिक स्तर पर बैठक भी आयोजित की गई। शिकायत में खेमराज पटेल, अमृत पटेल, गंगाराम पटेल, उत्तरा कुमार पटेल, नेहरू पटेल, जितेन्द्र पटेल और उमाशंकर चौधरी सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में बैठक होने का उल्लेख किया गया है। महिला के अनुसार बैठक में आरोपी द्वारा सोना और फोन-पे के माध्यम से ली गई रकम वापस करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक राशि और आभूषण वापस नहीं किए गए।

महिला ने थाना प्रभारी सरायपाली को दिए आवेदन में पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने, कथित रूप से ठगी गई रकम एवं सोने के आभूषण वापस दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा थाना सरायपाली में दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच एवं पुलिस की कार्रवाई के बाद ही होगी।

Back to top button