बसना में जगह-जगह विराजे विघ्नहर्ता, गणेशोत्सव को लेकर दिखा उत्साह

बसना। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर नगर बसना में जगह-जगह भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। गणपति बप्पा के विराजमान होते ही नगर का माहौल भक्तिमय हो गया है। विभिन्न गणेश समितियों द्वारा आकर्षक पंडाल सजाकर विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना शुरू की गई।
बसना नगर के गायत्री मंदिर के सामने एकदन्त गणेशोत्सव समिति द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। वार्ड क्र. 6 कबीर नगर में भी बोल बम गणेश समिति द्वारा गणेश प्रतिमा स्थापित कर उत्साहपूर्वक गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। इसके अलावा महावीर कपड़ा बाजार के सामने में भी गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित की गई है, वही आदर्श नगर बसना में भी श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।
गणेशोत्सव को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शाम होते ही गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। समितियों द्वारा आगामी दिनों में पूजा-अर्चना, आरती सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
नगर के अलग-अलग स्थानों पर विराजे गणपति बप्पा की मनमोहक प्रतिमाएं और सजे हुए पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पूरा नगर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज रहा है।




