कोमाखान

ऑपरेशन निश्चय: 16.820 किलो गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, नाबालिग भी पुलिस की पकड़ में

सुवरमाल चौक में बस का इंतजार करते पकड़े गए आरोपी, 8.61 लाख की संपत्ति जब्त: ओडिशा से मुंगेली ले जाया जा रहा था गांजा

महासमुंद/कोमाखान। महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 स्थित सुवरमाल चौक के पास बस का इंतजार कर रहे एक महिला तस्कर और एक विधि से संघर्षरत बालक को गांजा के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.820 किलोग्राम गांजा सहित दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 8 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-353 स्थित सुवरमाल चौक के पास एक महिला और एक अन्य व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही कोमाखान पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम कामिनी खाण्डे पिता सदानंद खाण्डे, उम्र 20 वर्ष, निवासी हरदी, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर बताया। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी मौजूद था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा को एम. रामपुर, ओडिशा से लेकर पथरिया, जिला मुंगेली, छत्तीसगढ़ में खपाने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के बैग से 16.820 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 8 लाख 41 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, भी जब्त किए गए।

इस प्रकार पुलिस ने कुल 8 लाख 61 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। महिला आरोपी के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। वहीं मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी
कामिनी खाण्डे, पिता सदानंद खाण्डे, उम्र 20 वर्ष, निवासी हरदी, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर।

जप्त संपत्ति
16.820 किलोग्राम अवैध गांजा, कीमत 8,41,000 रुपये
02 नग मोबाइल फोन, कीमत 20,000 रुपये
कुल जप्त संपत्ति: 8,61,000 रुपये

Back to top button