बलौदा

स्कूटी में 110 लीटर अवैध महुआ शराब ले जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार

बलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 97 हजार रुपये की संपत्ति जब्त: आबकारी एक्ट के तहत दोनों भेजे गए जेल

देशराज दास महासमुंद/बलौदा। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ जिला पुलिस महासमुंद द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना नंबर की स्कूटी में 110 लीटर अवैध महुआ शराब परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शराब के अलावा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल सहित कुल 97 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर की स्कूटी में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम हरीबनपुर से ग्राम पाईकपारा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस की टीम ने ग्राम हरीबनपुर से पाईकपारा जाने वाले कच्चे मार्ग पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।

इसी दौरान सामने से बिना नंबर की स्कूटी में दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध हो गए। पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना नाम योगेश चौधरी (24), पिता देवसिंह चौधरी और किशन भोई (26), पिता संतलाल भोई, दोनों निवासी कुटेला, थाना सरायपाली बताया।

पुलिस ने दोनों की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी में रखी दो प्लास्टिक बोरियों के अंदर डिब्बों में भरी 110 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये बताई गई है।

इसके अलावा पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी कीमती करीब 70 हजार रुपये तथा एक मोबाइल फोन कीमती 5 हजार रुपये भी जब्त किया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 97 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 50/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जब्त संपत्ति
110 लीटर महुआ शराब – कीमत करीब 22,000 रुपये
एक स्कूटी – कीमत करीब 70,000 रुपये
एक मोबाइल फोन – कीमत करीब 5,000 रुपये
कुल जब्त संपत्ति – 97,000 रुपये

जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button