बसना

बसना: थार वाहन से 46 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

बसना पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई, 38.20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त

बसना। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, थार वाहन और दो मोबाइल फोन समेत कुल 38 लाख 20 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से थार वाहन क्रमांक MH 31 GA 9533 में गांजा लेकर तस्कर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना के बाद थाना बसना पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने पलसापाली के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध थार वाहन वहां पहुंचा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 46 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर नागपुर (महाराष्ट्र) जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में रुषभ सुरेशराव चौधरी (28), निवासी काटोल, नागपुर और अशफाक रफ़ीक़ शेख (30), निवासी यशोधरा नगर, नागपुर को गिरफ्तार किया है।

38.20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 46 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 23 लाख रुपए, थार वाहन जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए तथा दो मोबाइल फोन कीमत करीब 20 हजार रुपए जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 38 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के नेटवर्क पर एक और बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Back to top button